Aug 07, 2026

भाजपा का चुनावी ब्लूप्रिंट तैयार! दो माह के एक्शन प्लान पर जोर, विधायक सीधे सीएम कार्यालय से जोड़ेंगे जनता की समस्याएं

post-img

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गति देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन और सरकार के स्तर पर अगले दो माह के लिए व्यापक एक्शन प्लान तैयार किया है। दिल्ली में आयोजित भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में तय किया गया कि पार्टी के सभी विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में अधिक समय बिताएंगे और मानसून के दौरान जनता की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। इसके साथ ही विधायक स्थानीय विकास कार्यों और चुनावी वादों को तेजी से धरातल पर उतारने के लिए सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय से समन्वय बनाए रखेंगे। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि मानसून के दौरान यदि किसी क्षेत्र में आपदा, सड़क, बिजली, पानी या अन्य बुनियादी समस्याएं सामने आती हैं तो उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। पार्टी का मानना है कि जनता के बीच सक्रिय मौजूदगी और त्वरित सहायता से सरकार के प्रति विश्वास और मजबूत होगा।

भाजपा की रणनीति केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं रहेगी। संगठन ने अपने पारंपरिक और कोर वोट बैंक को मजबूत बनाए रखने पर भी विशेष फोकस किया है। बैठक में निर्णय लिया गया कि ऐसे पुराने कार्यकर्ताओं तक पहुंच बनाई जाएगी, जो किसी कारणवश स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। संगठन के आगामी दो माह के कार्यक्रम भी इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके और संगठनात्मक मजबूती बनी रहे। सूत्रों के अनुसार बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पदाधिकारियों ने भी विधायकों और संगठन पदाधिकारियों को जनता के बीच सक्रिय रहने तथा जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर दिया। बताया गया कि आगामी महीनों में विधायकों, दायित्वधारियों और संगठन पदाधिकारियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी, ताकि तय कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। भाजपा ने आगामी चुनावों के मद्देनजर सामाजिक समीकरणों पर भी नई रणनीति बनाई है। पार्टी केवल जातिगत समीकरणों तक सीमित रहने के बजाय महिलाओं, युवाओं, पूर्व सैनिकों, किसानों और अन्य विभिन्न वर्गों तक अपनी पहुंच मजबूत करने पर काम करेगी। विशेष रूप से सितंबर से अग्निवीर योजना का पहला बैच सेवा पूरी कर वापस लौटना शुरू करेगा। ऐसे युवाओं को रोजगार और अन्य अवसरों से जोड़ने के लिए सरकार और संगठन मिलकर अग्निवीर सेल के माध्यम से कार्य करेंगे। साथ ही राज्य में पूर्व सैनिकों की बड़ी संख्या को देखते हुए उनके लिए भी अलग रणनीति तैयार की जा रही है। बैठक में वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार वाली 23 सीटों पर भी विस्तृत मंथन हुआ। निर्णय लिया गया कि इन सभी सीटों पर अगले छह माह तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ वरिष्ठ नेताओं का नियमित प्रवास भी इन क्षेत्रों में कराया जाएगा। संगठन इन सीटों पर जमीनी स्तर पर मजबूत और सक्रिय चेहरों की पहचान करने पर भी काम करेगा, ताकि भविष्य की चुनावी तैयारी और मजबूत हो सके। भाजपा का यह दो माह का एक्शन प्लान साफ संकेत देता है कि पार्टी चुनावी तैयारियों को लेकर पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है। जनता से सीधा संवाद, विकास कार्यों की गति, संगठन की मजबूती और नए सामाजिक वर्गों तक पहुंच बनाकर भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी स्थिति और मजबूत करने की रणनीति पर तेजी से आगे बढ़ रही है।