Feb 05, 2026

दो दिवसीय प्रवास पर देहरादून आएंगे आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, जन गोष्ठी को करेंगे संबोधित

post-img

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सर संघचालक डॉ. मोहन भागवत 22 और 23 फरवरी को दो दिवसीय प्रवास पर देहरादून पहुंचेंगे। लंबे अंतराल के बाद हो रहे इस प्रवास को संगठन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले डॉ. मोहन भागवत वर्ष 2019 में देहरादून आए थे।

जानकारी के अनुसार, 22 फरवरी को डॉ. भागवत देहरादून स्थित संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम में आयोजित एक प्रमुख जन गोष्ठी को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में देहरादून सहित पूरे गढ़वाल मंडल से विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं वैचारिक संगठनों के प्रमुख प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। जन गोष्ठी में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और संगठनात्मक विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। 23 फरवरी को सर संघचालक डॉ. मोहन भागवत पूर्व सैनिकों की विशेष गोष्ठी को संबोधित करेंगे। इस दौरान देश की सुरक्षा, राष्ट्र सेवा में पूर्व सैनिकों की भूमिका और सामाजिक दायित्व जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। संघ से जुड़े सूत्रों के अनुसार, यह कार्यक्रम पूर्व सैनिकों के साथ संवाद और अनुभव साझा करने की दृष्टि से अहम रहेगा। डॉ. मोहन भागवत के देहरादून आगमन को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, वहीं संघ के पदाधिकारी और स्वयंसेवक कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं को लेकर भी प्रशासन के साथ समन्वय किया जा रहा है। लंबे समय बाद सर संघचालक के देहरादून प्रवास से संघ कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इस दौरे से उत्तराखंड में संघ की गतिविधियों को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।