नई दिल्ली। देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की 138वीं जयंती आज है। डॉ. प्रसाद की जयंती पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन भेंट किए। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। वहीं उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी डॉ. प्रसाद की जयंती पर उन्हें नमन किया है। एक संदेश में श्री धनखड़ ने कहा कि डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद ने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि डॉक्टर प्रसाद को सादगी, सत्यनिष्ठा और सभी के प्रति करुणा के लिए हमेशा याद किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. प्रसाद को उनकी जयंती पर श्रद्धाजंलि दी है। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा कि डॉ. प्रसाद महान नेता तथा साहस और विद्वता के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि डॉक्टर प्रसाद ने देश की संस्कृति को मजबूत आधार दिया और भारत के विकास की भावी परिकल्पना तैयार की।
Mohan Chandra Joshi
संपादक