चंपावत उपचुनावः सीएम धामी ने झोंकी पूरी ताकत, ढकना बड़ोला गांव में की नुक्कड़ सभा! बोले- मिल रहा जनता का अपार समर्थन, चुनाव के बाद होगा ऐतिहासिक विकास

Spread the love

चंपावत। चंपावत उपचुनाव के प्रचार-प्रसार में भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। लगातार जनसभाएं, नुक्कड़ सभाएं कर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाया जा रहा है। इसी क्रम में आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यालय से लगे ढकना बड़ोला गांव के बेल्टाक तोक में नुक्कड़ सभा को सम्बोधित किया। इससे पहले सीएम धामी सर्किट हाउस में बने अस्थाई हेलीपेड़ पर पहुंचे। यहां भाजपा पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद सीएम धामी का काफिला ढकना बड़ोला गांव की तरफ बढ़ा। यहां पहुंचने पर नुक्कड़ सभा को सम्बोधित करते हुए सीएम धामी ने जनता से उपचुनाव में जीत का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि यह उपचुनाव वह नहीं लड़ रहे हैं बल्कि यहां की जनता लड़ रही है। कहा कि सभी लोगों का समर्थन उन्हें मिल रहा है और यहां से उनकी ऐतिहासिक जीत होने जा रही है। इस दौरान सीएम धामी के कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को चंपावत सीट से उपचुनाव लड़ना है और इसके लिए वह लगातार जनता के बीच पहुंच रहे हैं। उधर कांग्रेस भी अपने प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने में जुटी हुई है। कांग्रेस के पदाधिकारी लगातार जनसंपर्क, जनसभाएं, नुक्कड़ सभाएं कर रहे हैं।
उधर आज हुई नुक्कड़ सभा में सीएम धामी के साथ ही भाजपा के अन्य पदाधिकारियों ने जनता से अपने पक्ष में वोट करने की अपील की। सीएम धामी ने कहा कि चुनाव के बाद जिले में ऐतिहासिक विकास कार्य किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि जनता से किया हुआ एक-एक वादा पूरा किया जायेगा।


Spread the love