चंपावतः फिर पर्यटकों से गुलजार होगी लोहाघाट की प्रसिद्ध कोली झील! नाव चालकों के चेहरों पर लौटी रौनक, पर्यटकों में उत्साह

Spread the love

चंपावत। लोहाघाट की प्रसिद्ध कोली झील को शनिवार से एक बार फिर पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। जिस कारण एक बार फिर से झील में पर्यटकों की आमद बढ़ने लगी है। सिंचाई विभाग द्वारा मानसून काल को देखते हुए सुरक्षा के दृष्टिगत झील को दो महीने के लिए बंद किया गया था, जिसे आज खोल दिया गया। वहीं झील खुलने से नौका संचालकों के चेहरों पर रौनक लौटी है। नौका संचालकों ने बताया कि सिंचाई विभाग द्वारा झील को एक बार फिर से खोल दिया गया है, जिस कारण पिछले दो महीने से उनका बंद पड़ा रोजगार फिर से शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि आज पहले दिन पर्यटक कम संख्या में पहुंचे थे, लेकिन अब झील खुलने की जानकारी होने पर बड़ी संख्या में पर्यटक नौकायन के लिए झील पहुंचेंगे। नौका संचालकों ने झील समय से खोलने के लिए सिंचाई विभाग को धन्यवाद दिया। मालूम हो कि कोली झील चंपावत का प्रमुख पर्यटन स्थल है, जिसमें प्रतिवर्ष हजारों पर्यटक देश-विदेश से पहुंचते हैं तथा 50 से अधिक नौका संचालकों को यहां पर रोजगार मिला हुआ है। कोली झील मत्स्य पालन का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। इस दौरान प्रकाश सिंह ढेक, मो. कलीम, विनोद ढेक, निर्मल सिंह, विनोद ढेक आदि नौका संचालक मौजूद रहे।


Spread the love