उत्तराखण्डः हर तरफ गूंजे जय श्रीराम के जयकारे! रावण का दहन कर लोगों ने लिया संकल्प, सीएम धामी ने कही बड़ी बात

Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड में मंगलवार को दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में रावण के पुतले के दहन के साथ ही लोगों ने अहंकार का त्याग करने व सत्य के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। ऊंचे-ऊंचे पुतले को देखने के लिए लोगों की भीड़ भी उमड़ी रही। प्रदेशभर में दशहरा को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह रावण दहन के कार्यक्रम रखे गए। इस दौरान बाजारों में भी खासी रौनक देखने को मिली। राजधानी देहरादून में भी दशहरे की धूम रही। बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी की ओर से परेड ग्राउंड में 76वां दशहरा महोत्सव मनाया गया। ठीक 6:05 बजे लंका दहन, मेघनाथ व कुंभकरण पुतला दहन 6:17 बजे, जबकि 6:20 बजे ऐतिहासिक 131 फीट ऊंचा रावण का पुतला दहन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व अन्य अतिथियों ने रिमोट का बटन दबाकर रावण के पुतले का दहन किया। परेड ग्राउंड में बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी की ओर से दशहरा महोत्सव में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह बातें कही। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीराम व हनुमान जी की पूजा के बाद रावण, मेघनाद व कुंभकरण के पुतलों का दहन किया। मुख्यमंत्री ने सभी को दशहरा की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि हमें समाज में जहां भी बुराई नजर आती है यह पर्व उसे दूर करने का भी संदेश देता है। अच्छा इंसान बनकर ही हम अच्छे समाज व देश के निर्माण में सहभागी बन सकते हैं।


Spread the love