उत्तराखण्डः ‘गोर्खा दशैं’ दीपावली सांस्कृतिक महोत्सव में पहुंचे सीएम धामी! बोले- अदम्य वीरता का प्रतीक है गोरखा समाज का इतिहास

Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गढ़ीकैंट में वीर गोरखा कल्याण समिति दूधली द्वारा आयोजित ‘गोर्खा दशैं’ दीपावली सांस्कृतिक महोत्सव-2024 में प्रतिभाग किया। इस मौके पर सीएम धामी ने कहा कि गोरखा समाज का इतिहास गौरवशाली संस्कृति, समृद्ध परंपराओं और अदम्य वीरता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दशैं पर्व, माँ दुर्गा की उपासना और उनके नौ दिव्य रूपों की आराधना को समर्पित है। यह पर्व हमें सच्चाई और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। सत्य, धर्म और नैतिकता के मार्ग पर चलने से बुराई पर सदैव अच्छाई की विजय होती है। उन्होंने कहा दशैं पर्व हमारी सांस्कृतिक धरोहर को संजोए रखने का एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिसके माध्यम से हम अपनी परंपराओं, रीति-रिवाजों और सामाजिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे अनेकों क्षेत्रों में गोरखा समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है। राज्य सरकार गोरखा समाज की सांस्कृतिक धरोहरों को भी बढ़ावा देने लिए विशेष प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक भारतीय संस्कृति में गोरखा समाज की अहम भूमिका है।


Spread the love