उत्तराखण्डः केदारनाथ विधायक शैलारानी का निधन! भाजपा मुख्यालय पर सीएम धामी ने दी श्रद्धांजलि, कल होगा अंतिम संस्कार

Spread the love

देहरादून। केदारनाथ विधानसभा से भाजपा विधायक शैलारानी रावत के निधन के बाद आज बुधवार को उन्हें उत्तराखण्ड भाजपा मुख्यालय पर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उनके पार्थिव शरीर को मुख्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। सुबह से ही भाजपा समेत अन्य दलों और आम लोगों ने उनके अंतिम दर्शन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कैबिनेट मंत्रियों और पार्टी के तमाम कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। बता दें कि रुद्रप्रयाग जिले के केदारनाथ विधानसभा से भाजपा विधायक शैलारानी रावत का मंगलवार रात करीब 10ः30 बजे देहरादून के मैक्स अस्पताल में निधन हो गया। शैलारानी रावत दो दिन से मैक्स अस्पताल में वेंटिलेटर पर थीं। रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर के बाद हुई सर्जरी के बाद भी वह उबर नहीं पाईं थी और देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गयी। इस दौरान तमाम राजनीतिक, सामाजिक व धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने दुख जताया। आज बुधवार को प्रदेश मुख्यालय में उन्हें मुख्यमंत्री धामी, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, रेखा आर्य, सौरभ बहुगुणा, सुबोध उनियाल, प्रेमचंद अग्रवाल ने श्रद्धांजलि दी। खबरों के मुताबिक आज शाम को दिवंगत विधायक के पार्थिव शरीर को देहरादून से उनके गृह जनपद रुद्रप्रयाग ले जाया जाएगा। शाम 4 बजे भाजपा जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग में श्रद्धांजलि एवं शोक सभा आयोजित की गई है। जबकि शाम 6 बजे अगस्त्यमुनि आवास पर श्रद्धांजलि एवं शोक सभा होगी। इसके बाद अगले दिन यानी कल 11 जुलाई को स्पोर्ट्स स्टेडियम अगस्त्यमुनि में श्रद्धांजलि एवं शोक सभा के बाद सुबह 11 बजे विधायक शैलारानी रावत की अंतिम इच्छानुसार त्रिवेणी घाट विद्यापीठ गुप्तकाशी कालीमठ रोड में पार्थिव शरीर का विधिवत रूप से अंतिम संस्कार किया जाएगा।


Spread the love