बड़ी खबर:- तो क्या चम्पावत विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे हरीश रावत,कांग्रेस के 8 दावेदारों ने दिया रावत को निमंत्रण

Spread the love

चम्पावत। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस के चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष हरीश रावत को चंपावत विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का न्योता भेज दिया गया है।चम्पावत विधानसभा से दावेदारी करने वाले 9 दावेदारों में से 8 दावेदारों ने हरीश रावत को चंपावत विधानसभा से चुनाव लड़ने का निमंत्रण भेजा है। गौर करने वाली बात यह है कि विधानसभा सीट से कांग्रेस के सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हेमेश खर्कवाल के इस पत्र पर हस्ताक्षर नहीं है, जिससे स्पष्ट प्रतीत होता है कि कांग्रेसी हेमेश खर्कवाल को चुनाव लड़ाने के मूड में नहीं दिख रहे हैं।
उत्तराखंड राज्य निर्माण के बाद से हुए चार विधानसभा चुनाव में हेमेश खर्कवाल ही कांग्रेस के प्रत्याशी रहे हैं।
कांग्रेस से दावेदारी कर रहे 8 प्रत्याशियों द्वारा हरीश रावत को विधानसभा चुनाव लड़ने का न्यौता देने से यह बात स्पष्ट हो गई है कि कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है और हेमेश खर्कवाल द्वारा लगातार की जा रही दावेदारी और कांग्रेस द्वारा लगातार उन्हें प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर कांग्रेस जनों में आक्रोश है। गौरतलब है कि हेमेश खर्कवाल को हरीश रावत का बेहद करीबी माना जाता है और हरीश रावत ही हर बार हेमेश खर्कवाल की पैरवी कर उन्हें टिकट दिलाते हैं।हरीश रावत को विधानसभा चुनाव लड़ने का निमंत्रण देने वाले पत्र में निर्मला गहतोड़ी, महेंद्र सिंह माहरा,हरगोविंद बोहरा,सूरज प्रहरी उमेश खर्कवाल,बहादुर सिंह पाटनी,विमला सजवाण,भूपेंद्र महर के हस्ताक्षर हैं।


Spread the love