Nov 28, 2026
govt-ads

संकट की घड़ी में संवेदनशीलता का संबल: अग्निकांड पीड़ितों के बीच पहुंचे सीएम धामी,5 लाख की मदद और 6 माह के राशन का ऐलान

post-img

उत्तरकाशी। पहाड़ की विषम भौगोलिक परिस्थितियों में जब कोई आपदा या अग्निकांड आता है, तो वह केवल ईंट-पत्थर के घरों को ही नहीं जलाता, बल्कि ग्रामीणों की जीवनभर की जमा-पूंजी और भविष्य के सपनों को भी राख कर देता है। उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के दूरस्थ पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का स्वयं प्रभावितों के बीच पहुंचना न केवल प्रशासनिक तत्परता का उदाहरण है, बल्कि संकट की घड़ी में संवेदनशील नेतृत्व का भी परिचायक है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के बीच बैठकर उनकी पीड़ा साझा की और प्रत्येक प्रभावित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा कर उन्हें भरोसा दिलाया कि वे इस कठिन समय में अकेले नहीं हैं।

उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के पवाणी गांव में अग्निकांड से उजड़े परिवारों के जख्मों पर मरहम लगाने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं गांव पहुंचे। आग में घर, जीवनभर की जमा पूंजी और जरूरी सामान गंवा चुके ग्रामीणों के बीच बैठकर मुख्यमंत्री ने उनकी पीड़ा सुनी और नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक प्रभावित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पीड़ितों को अकेला नहीं छोड़ेगी और उनके पुनर्वास तक हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्निकांड से हुए नुकसान का वास्तविक और विस्तृत आकलन किया जाए। प्रभावित परिवारों को घोषित आर्थिक सहायता के साथ उनकी जरूरत के अनुसार जरूरी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि सर्दी का मौसम और संभावित बर्फबारी प्रभावित ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। ऐसे में उनके रहने के लिए सुरक्षित और समुचित व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर की जाए, ताकि किसी परिवार को खुले आसमान के नीचे या प्रतिकूल मौसम में परेशानी न उठानी पड़े। अग्निकांड में ग्रामीणों के मकानों के साथ घरों में सुरक्षित रखा छह माह का राशन भी नष्ट हो गया है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के लिए आगामी छह माह के खाद्यान्न की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राहत केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक परिवार की दैनिक जरूरतों का भी ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अग्निकांड का असर बच्चों के भविष्य पर नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को जरूरत के अनुसार विद्यालय की व्यवस्था करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित न हो। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की जरूरतों को भी प्राथमिकता देने को कहा गया। पवाणी गांव की भविष्य की जरूरतों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने जलाशय, हेलीपैड और अन्य आवश्यक विकास कार्य कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल तत्काल राहत देना नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों को फिर से अपने पैरों पर खड़ा करना और गांव को व्यवस्थित करना भी है मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह जिलाधिकारी और क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल के संपर्क में थे तथा लगातार राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ले रहे थे। विधायक और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के गांव पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और सहायता का भरोसा देने पर आभार जताया। फिलहाल पवाणी के प्रभावित परिवारों के सामने सबसे बड़ी चुनौती सिर छिपाने के लिए सुरक्षित ठिकाना, भोजन और जीवन को फिर से पटरी पर लाने की है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद अब प्रशासन के सामने इन घोषणाओं को समयबद्ध तरीके से जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी है।