Aug 30, 2026

मन की बात कार्यक्रम में पहुंचे सीएम धामी: नशा मुक्त युवा-विकसित भारत' को जन-आंदोलन बनाने की अपील, बोले-पीएम मोदी का संबोधन राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा

post-img

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कुंवावाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 137वें संस्करण को सुना। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने वाला प्रभावी माध्यम बन चुका है। इसके जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में सकारात्मक बदलाव लाने वाले सामान्य नागरिकों के असाधारण कार्यों, नवाचारों और जनभागीदारी के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार भी युवाओं और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों का ध्यान आकर्षित किया। विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहने और ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ के संकल्प को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया गया। धामी ने कहा कि किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति होती है। यदि युवा स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ेंगे तो देश की विकास यात्रा को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर असर पड़ता है। ऐसे में युवाओं को नशे से दूर रखना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री के आह्वान से नशे के खिलाफ जागरूकता को और मजबूती मिलेगी तथा युवा शक्ति को स्वस्थ, सकारात्मक और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित दिशा देने में मदद मिलेगी। उन्होंने प्रदेश के युवाओं से नशे से दूर रहने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा मुक्त युवा ही सशक्त और विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर सकते हैं। धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत के गौरवशाली इतिहास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक सरल और रोचक तरीके से पहुंचाने के लिए किए जा रहे अभिनव प्रयासों का भी उल्लेख किया। ऐसे प्रयास युवाओं को देश के इतिहास, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, अपनी विरासत और इतिहास की जानकारी युवा पीढ़ी में देश और संस्कृति के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करती है। आधुनिक विकास के साथ अपनी जड़ों और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े रहना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ की सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक यह है कि प्रधानमंत्री देश के विभिन्न क्षेत्रों में आम नागरिकों की ओर से किए जा रहे असाधारण कार्यों को देश के सामने रखते हैं। स्थानीय स्तर पर किए जा रहे नवाचार, सामाजिक पहल और जनभागीदारी के प्रयासों को राष्ट्रीय मंच मिलने से दूसरे लोगों को भी प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव की भावना को मजबूत करते हैं और अधिक से अधिक लोगों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही नशा मुक्त, स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के संकल्प को धरातल पर उतारा जा सकता है। इसके लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण होगी।