मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में नवनिर्मित नगर वन ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को हरित और स्वास्थ्यवर्धक सार्वजनिक स्थल की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने पार्क परिसर में पौधरोपण किया और पूरे पार्क का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने खटीमा के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें नगर वन ऑक्सीजन पार्क का विस्तारीकरण, वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित करना, स्टेडियम, क्रियाशाला और सर्किट हाउस का निर्माण तथा वेंडिंग जोन विकसित करना शामिल है। लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर वन ऑक्सीजन पार्क के निर्माण से खटीमा के लोगों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि पार्क को साफ-सुथरा और सुंदर बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें शहर के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने पार्क का निरीक्षण करते हुए महिलाओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्क परिसर में पिंक शौचालय बनाने को कहा, ताकि यहां आने वाली महिलाओं और बालिकाओं को बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को पार्क में उपलब्ध जनसुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने खटीमा की भौगोलिक स्थिति को पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र सीमांत और पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव बन सकता है। उन्होंने कहा कि व्यास वैली, पंचाचूली और आदि कैलाश की ओर जाने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खटीमा में सर्किट हाउस का निर्माण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री की ओर से स्टेडियम, क्रियाशाला और वेंडिंग जोन विकसित करने की घोषणा से स्थानीय स्तर पर खेल गतिविधियों, रोजगार और व्यवस्थित व्यापारिक सुविधाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री धामी ने पर्यावरण संरक्षण की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि वैश्विक तापवृद्धि और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच वनों और पर्यावरण का महत्व लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इकोलॉजी और इकोनॉमी एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रकृति और पर्यावरण के साथ संतुलन बनाते हुए आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाए। इससे वर्तमान के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी रोजगार और आजीविका के स्थायी अवसर पैदा किए जा सकेंगे। सीएम धामी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देना समय की जरूरत है। उन्होंने नगर वन ऑक्सीजन पार्क को खटीमा के लिए महत्वपूर्ण सार्वजनिक सुविधा बताते हुए लोगों से इसके संरक्षण की अपील की।