Aug 19, 2026

रक्षाबंधन पर महिलाओं को सीएम धामी का बड़ा तोहफा: 28 और 29 अगस्त को रोडवेज बसों में रहेगा मुफ्त सफर

post-img

देहरादून। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की बहनों को एक बड़ा और शानदार तोहफा दिया है। राज्य सरकार ने आगामी रक्षाबंधन पर उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में महिलाओं के लिए दो दिनों तक शत-प्रतिशत किराया छूट के साथ मुफ्त यात्रा का बड़ा एलान किया है। इस घोषणा के बाद प्रदेश भर की महिलाओं में खुशी की लहर दौड़ गई है।

रक्षाबंधन के मौके पर उत्तराखंड की महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री धामी सरकार ने बड़ी सौगात दी है। प्रदेश की महिलाएं अब रक्षाबंधन के दौरान दो दिन उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में बिना किराया दिए सफर कर सकेंगी। शासन ने 28 और 29 अगस्त को प्रदेश के भीतर संचालित उत्तराखंड रोडवेज की बसों में महिलाओं को शत-प्रतिशत किराया छूट देने का आदेश जारी किया है। सरकार के इस फैसले से रक्षाबंधन पर अपने मायके जाने वाली महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी। पर्व के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं अपने भाइयों और परिवार के सदस्यों से मिलने के लिए अलग-अलग शहरों और गांवों की यात्रा करती हैं। ऐसे में दो दिन तक रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलने से न केवल उनका आर्थिक बोझ कम होगा, बल्कि सार्वजनिक परिवहन के जरिए सुरक्षित और सुगम यात्रा भी उपलब्ध होगी। शासनादेश के अनुसार 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड की महिलाएं प्रदेश के भीतर उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इस दौरान यात्रियों से महिलाओं का कोई किराया नहीं लिया जाएगा। परिवहन विभाग ने उत्तराखंड परिवहन निगम को शासनादेश के अनुरूप तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। महिलाओं को मुफ्त यात्रा सुविधा देने से उत्तराखंड परिवहन निगम पर पड़ने वाले अतिरिक्त आर्थिक भार की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार करेगी। शासन की ओर से जारी आदेश में यह व्यवस्था स्पष्ट की गई है। यानी निगम को निशुल्क यात्रा के कारण होने वाले राजस्व नुकसान की भरपाई सरकार की ओर से की जाएगी। रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिजनों के घर जाती हैं। पर्व के दौरान सार्वजनिक परिवहन पर यात्रियों का दबाव भी बढ़ जाता है। ऐसे में सरकार का यह निर्णय महिलाओं के लिए आर्थिक राहत के साथ उनके आवागमन को आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार का उद्देश्य रक्षाबंधन पर्व पर महिलाओं को सुरक्षित, सुगम और निशुल्क सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है। शासन ने परिवहन विभाग और निगम को आदेश का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस फैसले को रक्षाबंधन पर प्रदेश की बहनों के लिए सरकार की ओर से विशेष उपहार के तौर पर देखा जा रहा है। अब 28 और 29 अगस्त को रोडवेज की बसों से प्रदेश के भीतर सफर करने वाली महिलाओं को अपनी यात्रा के लिए किराया नहीं देना होगा।