रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में दोस्ती को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। महज 5 हजार रुपये चोरी होने के शक में एक युवक ने अपने ही करीबी दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को निर्माणाधीन मकान के पास फेंक दिया ताकि मामला दुर्घटना या अज्ञात हत्या का लगे। हालांकि ट्रांजिट कैंप पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पूरे मामले का खुलासा करते हुए ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने बताया कि 31 जुलाई को ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के शिवनगर इलाके में एक निर्माणाधीन मकान के पास अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ, तकनीकी विश्लेषण और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ी गईं। जांच में मृतक की पहचान ट्रांजिट कैंप निवासी अनिल कुमार, पुत्र मुशाराम चंद के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि अनिल की मौत गला दबाने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच का दायरा और बढ़ा दिया। जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन अनिल अपने तीन साथियों के साथ आजादनगर, ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बैठकर शराब पी रहा था। कुछ देर बाद दो साथी रोहित राजपूत और विजय वहां से चले गए,जबकि अनिल अपने करीबी दोस्त सुनील कुमार उर्फ इक्का के साथ रह गया। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद सुनील बहाने से अनिल को शिवनगर स्थित एक निर्माणाधीन मकान में ले गया, जहां दोनों ने फिर से शराब पी। इसी दौरान आरोपी ने पहले लकड़ी की फट्टी और ईंट से अनिल पर ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसने रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे शक था कि अनिल ने उसके 5 हजार रुपये चोरी कर लिए थे। इसी संदेह और गुस्से में उसने हत्या जैसी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी और ईंट का टुकड़ा भी बरामद कर लिया है। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि वैज्ञानिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने बेहद कम समय में इस हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच जारी है। यह घटना एक बार फिर यह साबित करती है कि आपसी अविश्वास और मामूली आर्थिक विवाद भी कभी-कभी भयावह अपराध का रूप ले लेते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून और संवाद के माध्यम से करें, न कि हिंसा का रास्ता अपनाएं। रुद्रपुर की इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग दोस्ती के नाम पर हुए इस खौफनाक कत्ल से स्तब्ध हैं।