हरिद्वार। धनौरी क्षेत्र के धनौरी बाजार में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। जानकारी के अनुसार, हादसा जस्वावाला मार्ग पर हुआ, जहां एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खड़ी थी और उसमें सामान लोड किया जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पास से गुजर रही बाइक की चपेट में आ गई।
हादसे के दौरान बाइक पर पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गई और ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आ जाने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। मामले में थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की मुख्य वजह सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायल व्यक्ति का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है और संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला। लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सख्त करने और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।