May 31, 2026

मन की बात के 134वें एपिसोड ने जनभागीदारी और स्वच्छता जागरूकता अभियानों को गति दी

post-img

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अपने शासकीय आवास पर एक विशेष पहल की। उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 134वें संस्करण को सुना। कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री ने उपस्थित छात्राओं से सीधा संवाद किया, उनके विचार जाने और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

इस एपिसोड में प्रधानमंत्री मोदी ने देश की युवा शक्ति, खेल प्रतिभाओं और जनभागीदारी की भावना को विशेष रूप से रेखांकित किया। पीएम ने झारखंड के रांची में आयोजित नेशनल एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की सराहना की और धावक अनिमेष व गुरिंदरवीर से सीधे बातचीत भी की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम ने देशवासियों को सकारात्मक सोच और राष्ट्रहित के कार्यों से जोड़ने का एक ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 'विकसित भारत' के संकल्प को पूरा करने में हमारे देश के युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार की भावना सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सीएम ने सभी से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में उतारकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।