देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच महीने बाद एक बार फिर देवभूमि उत्तराखंड आ रहे हैं। 14 अप्रैल को उनका उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री इस बार भी राज्य को विकास की कई बड़ी सौगात देंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से गहरा आध्यात्मिक और व्यक्तिगत लगाव है। वे राज्य के समग्र विकास के साथ-साथ दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान देते रहे हैं। इससे पहले 9 नवंबर 2025 को राज्य स्थापना रजत जयंती समारोह के अवसर पर प्रधानमंत्री उत्तराखंड आए थे। उस दौरान उन्होंने एफआरआई परिसर में 8140 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया था। साथ ही ‘विकसित उत्तराखंड’ के लिए ‘वेडिंग डेस्टीनेशन’ और ‘एक जिला एक मेला’ जैसे महत्वपूर्ण मंत्र भी दिए थे। 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री देहरादून-नई दिल्ली एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करने वाले हैं। इसके अलावा अन्य कई प्रमुख विकास योजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के इस दौरे से पूरे राज्य में उत्साह का माहौल है और लोग उनके स्वागत की पूरी तैयारी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने सीमांत गांवों का व्यक्तिगत प्रवास किया। उन्होंने चमोली जिले के माणा गांव, उत्तरकाशी जिले के मुखवा गांव और पिथौरागढ़ के आदि कैलाश क्षेत्र का दौरा कर इन दूरस्थ इलाकों को देश-दुनिया के मानचित्र पर पहचान दिलाई। इन प्रवासों ने न केवल स्थानीय निवासियों में उत्साह बढ़ाया बल्कि पर्यटन और क्षेत्रीय विकास की नई संभावनाएं भी खोली हैं। राज्य सरकार प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को भव्य और सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी में जुट गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस दौरे के दौरान विकास के नए आयाम जुड़ेंगे और उत्तराखंड को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा। प्रधानमंत्री के आगमन से उत्तराखंड में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। देहरादून-नई दिल्ली एलिवेटेड एक्सप्रेसवे जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना पूर्ण होने से राजधानी देहरादून और दिल्ली के बीच यात्रा समय काफी कम हो जाएगा, जिससे पर्यटन, व्यापार और रोजमर्रा की आवाजाही को बढ़ावा मिलेगा। राज्य के विभिन्न हिस्सों में विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री धामी ने सभी जिलों के अधिकारियों को दौरे की तैयारी को लेकर सतर्क रहने और कोई भी कमी न छोड़ने के निर्देश दिए हैं।