Aug 31, 2026

राहुल गांधी FIR पर उत्तराखंड कांग्रेस का विरोध, शुद्धिकरण विवाद में महेंद्र भट्ट के खिलाफ कार्रवाई की मांग

post-img

देहरादून/हल्द्वानी। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने अब खुलकर मोर्चा खोल दिया है। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ प्रकरण और इसके बाद राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे ने प्रदेश की सियासत को गरमा दिया है। सोमवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पुलिस अधिकारियों के कार्यालय और थानों का रुख किया। कांग्रेस ने एक ओर राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को तत्काल निरस्त करने की मांग की, वहीं दूसरी ओर कथित शुद्धिकरण में शामिल लोगों और इसका समर्थन करने वाले भाजपा नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर तहरीर दी। कांग्रेस का आरोप है कि रामलीला मैदान में हुए कथित शुद्धिकरण को लेकर शिकायत दिए जाने के बावजूद पुलिस ने अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जबकि राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद तेजी से मुकदमा दर्ज कर दिया गया। कांग्रेस ने इसे पुलिस की दोहरी कार्यप्रणाली और राजनीतिक द्वेष से प्रेरित कार्रवाई बताया है। दूसरी तरफ भाजपा का कहना है कि रामलीला मैदान में हुआ धार्मिक अनुष्ठान पहले से निर्धारित कार्यक्रम का हिस्सा था और कांग्रेस बिना प्रमाण के इसे जातिगत अपमान से जोड़कर राजनीतिक मुद्दा बना रही है।

राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर निरस्त करने की मांग
देहरादून में उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना सोमवार को डीजीपी कार्यालय पहुंचे और पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को तत्काल निरस्त करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी ने 29 अगस्त को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हल्द्वानी के रामलीला मैदान में 11 अगस्त को हुए सफाई और धार्मिक अनुष्ठान के संबंध में टिप्पणी की थी। इसी टिप्पणी को आधार बनाकर राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कांग्रेस ने एफआईआर को झूठा, निराधार और राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताया। पार्टी का कहना है कि राहुल गांधी ने जिस मुद्दे को उठाया, वह सामाजिक समानता और संविधान से जुड़ा सवाल है। ऐसे में उनकी आवाज दबाने के लिए आपराधिक मुकदमा दर्ज करना उचित नहीं है। पुलिस के अनुसार राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में बीएनएस की धारा 196 और 299 के साथ एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(q) लगाई गई है। शिकायतकर्ताओं की ओर से आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी ने अनुसूचित जाति के संबंध में कथित आपत्तिजनक और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। कांग्रेस इन आरोपों को खारिज करते हुए मुकदमे को राजनीतिक कार्रवाई बता रही है।

कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग का पुलिस मुख्यालय पर प्रदर्शन
राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर के विरोध में कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के कार्यकर्ताओं ने भी सोमवार को पुलिस मुख्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग की। साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धारा चौकी में महेंद्र भट्ट के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी। कांग्रेस का आरोप है कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कथित शुद्धिकरण का समर्थन कर भाजपा नेताओं ने अनुसूचित जाति समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। पार्टी ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के तहत कार्रवाई की जाए।

हल्द्वानी में यशपाल आर्य के नेतृत्व में पुलिस को तहरीर
हल्द्वानी में भी कांग्रेस ने मोर्चा तेज कर दिया। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सीओ कार्यालय पहुंचे और कथित शुद्धिकरण के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर तहरीर सौंपी। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि घटना को करीब तीन सप्ताह बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। पार्टी का कहना है कि यदि किसी सार्वजनिक स्थल पर जातिगत भेदभाव या सामाजिक वैमनस्य से जुड़ा कृत्य हुआ है तो पुलिस को शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता और सम्मान का अधिकार देता है। किसी भी वर्ग के सार्वजनिक अपमान या सामाजिक भेदभाव के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के सीओ कार्यालय पहुंचने के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कांग्रेस नेताओं से बातचीत भी की। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस ने पुलिस को मंगलवार सुबह 11 बजे तक कार्रवाई का समय दिया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि तय समय तक कथित शुद्धिकरण प्रकरण में मुकदमा दर्ज नहीं किया जाता है तो पार्टी आगे की रणनीति तय करेगी।

विकासनगर में प्रीतम सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन
विकासनगर में पूर्व नेता प्रतिपक्ष और चकराता विधायक प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी कथित शुद्धिकरण के खिलाफ मोर्चा संभाला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विकासनगर, सहसपुर कोतवाली और सेलाकुई थाने में शिकायत पत्र सौंपे। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद किए गए कथित शुद्धिकरण से अनुसूचित जाति समाज का अपमान हुआ है। कार्यकर्ताओं ने संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। इस दौरान भाजपा के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।

चंपावत और लोहाघाट में भी पहुंची शिकायत
मंच शुद्धिकरण का विवाद अब कुमाऊं के दूसरे जिलों तक भी पहुंच गया है। चंपावत में कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता लोहाघाट थाने पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कथित शुद्धिकरण में शामिल भाजपा नेताओं के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। नेताओं ने कहा कि मामला किसी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं बल्कि सामाजिक समानता और संवैधानिक मूल्यों से जुड़ा हुआ है।

मसूरी में भी कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
मसूरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी सोमवार को कोतवाली पहुंचकर कथित शुद्धिकरण के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कोतवाल देवेंद्र चौहान को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा कथित तौर पर शुद्धिकरण का समर्थन किए जाने पर भी आपत्ति जताई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा की ओर से दलित समाज और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रति अपमानजनक रवैया अपनाया गया। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान की घटना और उसके समर्थन को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

रुद्रपुर में भी पुलिस को तहरीर, कार्रवाई की मांग
रुद्रपुर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, महानगर अध्यक्ष ममता रानी और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस को तहरीर सौंपकर कथित शुद्धिकरण मामले में मुकदमा दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। तहरीर में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की ओर से आयोजित जनसभा में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल हुए थे। कांग्रेस का आरोप है कि इसके दो दिन बाद 10 अगस्त को गिरीश चंद्र पांडे, अध्यक्ष श्री राम धर्मार्थ सेवा न्यास और करीब 15 अन्य अज्ञात लोगों ने रामलीला मैदान में यज्ञ और गंगाजल का छिड़काव कर कथित तौर पर शुद्धिकरण किया।