May 27, 2026

सिद्धार्थनगर क्राइम न्यूज: पत्नी और प्रेमी को जेल भेजा गया

post-img

सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को जिंदा जलाने की खौफनाक साजिश रच डाली। आरोप है कि पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पहले अपने पति को चारपाई से बांधा और फिर उस पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मामला जिले के रेहरा गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय लालजी गौतम की शादी करीब आठ वर्ष पहले पूजा गौतम से हुई थी। दोनों के सात और चार साल के दो बच्चे भी हैं। परिवार सामान्य तरीके से चल रहा था, लेकिन इसी बीच पूजा का फिरोज नामक युवक से प्रेम संबंध हो गया। बताया जा रहा है कि किसी को शक न हो, इसके लिए फिरोज पिछले करीब दो वर्षों से पूजा का साढ़ू बनकर घर आता-जाता था। परिवार के लोग भी उसे रिश्तेदार समझते रहे और किसी को उसके असली संबंधों की भनक तक नहीं लगी। बताया जा रहा है कि 21 मई को लालजी गौतम को इस बात की जानकारी मिल गई कि फिरोज का उसकी पत्नी से कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं है और दोनों के बीच प्रेम संबंध हैं। इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। परिवार में तनाव बढ़ने लगा और इसी दौरान पूजा और उसके प्रेमी ने लालजी को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। आरोप है कि विवाद के बाद रात में जब लालजी घर में सो रहा था, तब पूजा और फिरोज ने मिलकर उसे चारपाई से बांध दिया। इसके बाद उसके ऊपर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी।

आग लगते ही लालजी दर्द से चीखने लगा। उसकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर उसे बचाया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। घटना के तुरंत बाद परिजन लालजी को इलाज के लिए बस्ती स्थित मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और घायल युवक के पिता घम्माल प्रसाद की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फिरोज लंबे समय से घर में रिश्तेदार बनकर आता-जाता था। पुलिस ने मंगलवार को दोनों आरोपियों को स्थानीय बस स्टॉप से गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्राधिकारी बृजेश कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह आरोपी लंबे समय तक परिवार को धोखे में रखते रहे और फिर इतनी खौफनाक वारदात को अंजाम दिया, उसने सभी को झकझोर कर रख दिया है।