दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र में 'ऑनर किलिंग' और सनसनीखेज खूनी खेल का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने खाकी को भी दागदार कर दिया है। भतीजी के प्रेम विवाह से आगबबूला पटना पुलिस के एक दारोगा ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर दामाद की तलवार से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद जब दारोगा को यकीन हो गया कि युवक मर चुका है, तो उसने अपनी ही पिस्टल से खुद के सिर में गोली मार ली। दारोगा को अत्यंत गंभीर स्थिति में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, मृतक युवक ने करीब तीन साल पहले आरोपी दारोगा की भतीजी से प्रेम विवाह किया था। इस शादी से लड़की के परिवार वाले, खासकर दारोगा बेहद नाराज था। सामाजिक लोकलाज और गुस्से के कारण नवदंपति शादी के तुरंत बाद गुजरात के अहमदाबाद चले गए थे और वहीं रहकर नौकरी करने लगे थे। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन दो दिन पहले ही दोनों वापस अपने घर लौटे थे। दारोगा को जैसे ही भनक लगी कि उसकी भतीजी और दामाद वापस आए हैं, उसने खौफनाक साजिश रच डाली। पटना पुलिस में तैनात और वर्तमान में छुट्टी पर आए आरोपी दारोगा ने शुक्रवार तड़के युवक को धोखे से फोन कर घर से बाहर बुलाया। जैसे ही युवक बिना किसी आशंका के बाहर निकला, पहले से घात लगाए बैठे दारोगा और उसके गुर्गों ने उसे घेर लिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार तलवार से उस पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। वारदात के बाद अन्य सभी आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि दारोगा ने वहीं खुद को गोली मार ली। मृतक के पिता, जो कबाड़ का कारोबार करते हैं, ने पुलिस को बताया कि तीन-चार दिन पहले भी कुछ युवकों से विवाद के दौरान उनके बेटे को जान से मारने की धमकी मिली थी। परिजनों का आरोप है कि प्रेम विवाह की खुन्नस और इसी पुरानी रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है।