Aug 06, 2026

उत्तराखंड चुनाव: भाजपा का मिशन ‘हैट्रिक’ शुरू, इस महीने चलेगा ‘बूथ जीतो अभियान’; विकास यात्रा और लखपति दीदी सम्मेलन की तैयारी

post-img

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी इसी महीने से पूरे प्रदेश में ‘बूथ जीतो अभियान’ शुरू करेगी। इसके साथ ही विकास यात्रा, लखपति दीदी सम्मेलन और केंद्रीय नेताओं के व्यापक प्रवास कार्यक्रम के जरिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति तैयार की गई है।

यह निर्णय भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बी.एल. संतोष की अध्यक्षता में आयोजित राज्य कोर ग्रुप की बैठक में लिया गया। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। करीब तीन घंटे चली बैठक में संगठन और संघ के आंतरिक सर्वे के आधार पर चुनावी रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक में तय किया गया कि इस महीने से विकास यात्रा शुरू कर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही महिला सशक्तीकरण को केंद्र में रखते हुए लखपति दीदी सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। पार्टी ने वर्ष के अंत तक प्रदेश के 12 हजार मतदान केंद्रों से जुड़े मतदाताओं तक सीधे पहुंच बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। रणनीति के तहत सांसदों, विधायकों, मंत्रियों, पूर्व सांसदों और पूर्व मंत्रियों के क्षेत्रवार प्रवास कार्यक्रम भी तैयार किए जाएंगे। इन नेताओं को चिन्हित क्षेत्रों में रात्रि प्रवास कर स्थानीय लोगों से संवाद करने और संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। बैठक में विधायकों के खिलाफ स्थानीय स्तर पर मौजूद नाराजगी को दूर करने पर भी विशेष जोर दिया गया। पार्टी नेतृत्व ने निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधि अपने अधूरे वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें और जनता के बीच सक्रिय रहें। इसके अलावा सितंबर से केंद्रीय नेताओं के उत्तराखंड दौरे और प्रधानमंत्री की विभिन्न क्षेत्रों में प्रस्तावित जनसभाओं की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। पार्टी विशेष रूप से पिछली बार हारी 27 विधानसभा सीटों पर फोकस करेगी और वहां संगठनात्मक गतिविधियां तेज की जाएंगी। भाजपा का मानना है कि बूथ स्तर तक मजबूत संगठन, सरकार की उपलब्धियों का प्रचार और जनसंपर्क अभियान आगामी विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे। आने वाले महीनों में प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियों के और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।