उत्तरकाशी। उत्तराखण्ड में एक और बड़ा हादसा हुआ है। गंगोत्री धाम के दर्शन की आस लेकर निकले श्रद्धालुओं का सफर बृहस्पतिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी बाजार से आगे डबरानी के समीप यात्रियों से भरा एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरते हुए उफनती नदी में समा गया। इस भीषण सड़क दुर्घटना में अब तक पांच लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है, जबकि दो अन्य लोग लापता हैं। जानकारी के अनुसार, वाहन में गुजरात के छह तीर्थयात्री और एक स्थानीय चालक सवार थे। यह सभी श्रद्धालु बृहस्पतिवार तड़के हिना के पास से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुए थे। यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ रही थी, लेकिन जैसे ही वाहन गंगनानी बाजार पार कर डबरानी की ओर बढ़ा, अचानक मोड़ पर चालक का नियंत्रण खो गया। अनियंत्रित वाहन रेलिंग तोड़ते हुए सीधे सैकड़ों फीट गहरी पथरीली खाई में लुढ़क गया और देखते ही देखते भागीरथी नदी के तेज बहाव में समा गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वाहन के खाई में गिरते ही नदी किनारे चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर रूह कंपा देने वाला मंजर देखने को मिला। घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, खड़ी ढलान और नदी के तेज बहाव के बीच एसडीआरएफ और पुलिस के जवानों ने रस्सियों के सहारे गहरी खाई में उतरकर तत्काल संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीमों ने नदी किनारे से अब तक पांच यात्रियों के शव बरामद कर लिए हैं। वहीं, पानी के तेज बहाव में लापता बताए जा रहे अन्य दो लोगों की तलाश के लिए गोताखोरों और विशेष सर्च टीमों द्वारा व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। पुलिस प्रशासन मृतकों के परिजनों से संपर्क साधने और उनकी शिनाख्त की औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने में जुटा है। शवों को खाई से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही है।
Trending
उत्तराखंड में त्योहारों से पहले 10 लाख परिवारों के खिले चेहरे! सीएम धामी ने डीबीटी से हस्तांतरित किए ₹148.18 करोड़
उत्तराखंड राज्य आंदोलन के जननायक रणजीत सिंह वर्मा के संघर्ष को पुस्तक में मिली जगह, मुख्यमंत्री धामी ने किया विमोचन
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की फुलप्रूफ तैयारी: अर्धसैनिक बलों की 153 कंपनियां और 17 हजार होमगार्ड संभालेंगे कमान
दिल की बात, अंकल धामी के साथ': सीएम धामी ने 8 लाख बच्चों से किया वर्चुअल संवाद,स्वदेशी अपनाने, स्वच्छता और अनुशासित पढ़ाई का दिया संदेश
उत्तराखंड: गृह मंत्री अमित शाह के दून दौरे को लेकर तैयारियां तेज,सीएम धामी ने परेड ग्राउंड पहुंचकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा
उत्तराखंड में 'जेनी प्रकरण' पर छिड़ा सियासी घमासान: महेंद्र भट्ट और हरक सिंह रावत में जुबानी जंग तेज
उत्तराखंड के लाखों कर्मचारियों के लिए दिवाली से पहले बड़ी सौगात: सीएम धामी ने डीए में 3% बढ़ोतरी को दी मंजूरी
हिरासत में देरी पर तुरंत रिहाई का अधिकार, सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक निर्देश