बड़ी खबरः छत्तीसगढ़ के सुकमा में मुठभेड़! डीआरजी के तीन जवान शहीद, नक्सलियों की तलाश में चल रहा सर्चिंग अभियान

Spread the love

नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में आज सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व ग्रुप (डीआरजी) के तीन जवानों के शहीद होने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि सर्च अभियान के दौरान घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ शनिवार सुबह जगरगुंडा के पास आश्रम पारा में हुई है। इस दौरान दोनों ओर से फायरिंग हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार जगरगुंडा क्षेत्र के नए स्थापित कुंदेड़ कैम्प से एरिया डोमिनेशन पर पार्टी निकली थी। तभी कैंप से दो किलोमीटर दूर आश्रमपारा के पास शनिवार सुबह आठ बजे नक्सलियों ने घात लगाकर जवानों पर हमला कर दिया। शहीदों में एएसआई रामूराम नाग, सहायक कांस्टेबल कुंजम जोगा और सैनिक वंजम भीमा शामिल हैं। हमले में दो जवान घायल भी हुए हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सुकमा जिले में नक्सली हमले में तीन जवानों की शहादत पर दुख व्यक्त किया है। सीएम ने ट्विटर पर लिखा कि बस्तर के सुकमा जिले के जगरगुंडा में नक्सली मुठभेड़ के दौरान हमारे 3 वीर जवानों की शहादत का समाचार दुखद है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति और परिवारजनों को हिम्मत दे। इस दुख में हम सब साथ हैं। उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी।


Spread the love