चमोलीः कैल नदी में डूबने से चार किशोरों की मौत! शुक्रवार से थे लापता, इलाके में पसरा मातम

Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड के चमोली से एक और दुखद खबर सामने आ रही है। शुक्रवार को जहां चमोली के पल्ला गांव में एक मैक्स वाहन के गहरी खाई में गिरने से 12 लोगों की मौत हो गयी, वहीं चमोली के देवाल में शुक्रवार से लापता चार किशोरों की कैल नदी में डूबने से मौत हो गयी। आज सुबह कुछ ग्रामीणों ने नदी में शव तैरते देखे, जिसपर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचन पर पहुंची पुलिस ने चारों किशोरों के शव नदी से निकाल लिए है। किशोरों की मौत से इलाके में मातम पसरा है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार थराली विधानसभा के देवाल विकासखंड के अन्तर्गत कलसिरी गांव के नीचे कैल नदी में 15-17 आयुवर्ग के चार किशोरों की नदी में डूबने से मौत हो गई। कल शुक्रवार दोपहर से ही चारों किशोर लापता थे। आज शनिवार सुबह नदी में शव तैरते दिखाई देने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। चारों किशोरों के शुक्रवार से ही लापता होने के कारण परिजन पूरी रात परेशान रहे। काफी खोजबीन के बाद भी परिजनों को किशोरों का कोई पता नहीं चला। आज सुबह चार किशोरों के शव कैल नदी में मिलने की खबर से मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी। जानकारी मिलते ही लापता बच्चों के परिजनों के साथ ही कई लोगों घटनास्थल पर पहुंच गए। मरने वाले किशोरों की पहचान धरागांव के प्रियांशु पुत्र रघुवीर बिष्ट, ओडर गांव के गौरव सिंह पुत्र भरत सिंह, सोड़िग सरकोट के अंशुल पुत्र स्वर्गीय हरेंद्र सिंह बिष्ट और इच्छोली के अनिल मिश्रा पुत्र राकेश मिश्रा के रूप में हुई है।


Spread the love