चंपावत उपचुनावः प्रचार अभियान में भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत! कैबिनेट मंत्री रावत व दास कार्यकर्ताओं संग पहुंचे घर-घर, धामी के पक्ष में वोट करने की अपील

Spread the love

चंपावत। चंपावत उपचुनाव को लेकर भाजपा ने पूरा दमखम लगा दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समर्थन में भाजपाई घर-घर पहुंचकर उनके पक्ष में वोट करने की अपील कर रहे हैं। कार्यकर्ता से लेकर कैबिनेट मंत्री तक प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं और लगातार जनसंपर्क अभियान चलाकर धामी के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में शिक्षामंत्री धन सिंह रावत ने दूबड़ जैनल शक्ति केन्द्र पहुंचकर कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने उपचुनाव में एकजुटता के साथ मुख्यमंत्री को भारी मतों से जीत दिलाने की अपील की। वहीं समाज कल्याण मंत्री चंदन राम दास ने भी कार्यकर्ताओं से दमखम के साथ चुनाव मैदान में उतरने का आहवान किया। यही नहीं दोनों मंत्री कार्यकर्ताओं के साथ गांव-गांव घूमे और भाजपा की नीतियां व रीतियां जनता को गिनाई। इस दौरान जनता को विश्वास दिलाया गया कि सीएम धामी की जीत के बाद यहां का चहुंमुखी विकास होगा। इससे पूर्व यहां पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री रावत और दास का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की समस्याएं गिनाते हुए समाधान की मांग की, जिसपर मंत्रियों ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।


Spread the love