उत्तराखण्डः मानसून की दस्तक के बाद शासन-प्रशासन अलर्ट! चंपावत में टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर आज से रात में नहीं चलेंगे वाहन

Spread the love

चंपावत। उत्तराखण्ड में मानसून की दस्तक के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। बारिश के चलते लोगों की दुश्वारियां भी बढ़ने लगी हैं। कई जगहों पर मलबा आने से मार्ग अवरूद्ध हो रहे हैं और नदी नाले पूरी तरह उफान पर हैं। ऐसे में शासन-प्रशासन अलर्ट मोड पर दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में चंपावत जिला प्रशासन ने टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर सोमवार से मानसून काल तक रात वाहनों के रात्रि में चलने पर प्रतिबंध लगा दिया है। दरअसल टनकपुर-पिथौरागढ़ नेशनल हाईवे लैंडस्लाइड के लिए संवेदनशील है। यहां मानसून सीजन में अक्सर भूस्खलन की घटनाएं होती रहती हैं। इसीलिए जिला प्रशासन ने मानसून सीजन में इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात में वाहनों का आवागमन बंद किया है। एक जुलाई यानी आज सोमवार से घाट से चंपावत की ओर शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक, चंपावत से घाट तक शाम छह से सुबह छह बजे तक और कोतवाली चंपावत से टनकपुर की ओर शाम सात बजे से सुबह छह बजे तक, ककराली गेट से चंपावत तक शाम छह से सुबह छह बजे तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। आपदा राहत केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक जिले में वाहन दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात नियमों का पालन न करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में लापरवाही और उच्चाधिकारियों के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित न करने वाले अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ भी त्वरित कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा जो भी वाहन नियमों का उल्लंघन करेगा उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love