उत्तराखण्डः फिर सामने आई कांग्रेस की कलह! जिलाध्यक्षों के नामों पर हंगामा, दनदनाते हुए प्रदेश अध्यक्ष माहरा के कक्ष में घुसे कार्यकर्ता

Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड कांग्रेस में एक बार फिर कलह देखने को मिली है। खबरों की मानें तो जिलाध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों के नामों का ऐलान होने के बाद पार्टी में कार्यकर्ताओं की नाराजगी सामने आई है। राजेंद्र चौधरी को रुड़की महानगर अध्यक्ष बनाए जाने के विरोध में रुड़की क्षेत्र से कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे और उन्होंने हंगामा काटा। नाराज कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा कक्ष में घुस गए और वहां उनकी तीखी नोक-झोंक हुई। देखते ही देखते नौबत गाली-गलौच तक पहुंच गई और गहमागहमी का माहौल बन गया। इस दौरान दरवाजा भीतर से बंद कर दिया गया। बता दें कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दो दिन पहले ही एआईसीसी की संस्तुति पर 26 जिलाध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों की सूची जारी की थी। सूची के जारी होते ही अंदरखाने कुछ जगहों पर विरोध के सुर उठने लगे थे।
शनिवार को रुड़की के कांग्रेस कार्यकर्ता खुलकर विरोध में उतर आए। बताया जा रहा है कि जब नाराज कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के सामने अपनी बात रख रहे थे, उसी दौरान किसी ने कुछ अपशब्द कह दिए। बात आगे नहीं बढ़े, इसलिए भीतर से दरवाजा बंद कर दिया गया। कुछ देर बार कार्यकर्ता बाहर आए और हो-हल्ला करते हुए गाड़ियों में बैठकर निकल गए।


Spread the love