ब्रेकिंग:- भाजपा में शामिल हुई कांग्रेस महिला मोर्चा की अध्यक्ष सरिता आर्या,टिकट पर सहमति बनने की खबर

Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड में विधानसभा चुनाव से पूर्व दलबदल का खेल जोरों पर है। कल ही भाजपा ने अनुशासनहीनता के आरोप लगाकर हरक सिंह रावत को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया था,साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने भी उन्हें मंत्रिमंडल से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। इसके बाद हरक सिंह रावत के कांग्रेस में जाने के कयास लगाए जा रहे हैं।इसी बीच भाजपा ने कांग्रेस को झटका दे दिया है। कांग्रेस की महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्या ने कांग्रेस का दामन छोड़ भाजपा का दामन पकड़ लिया है।
मालूम हो कि नैनीताल विधायक संजीव आर्य की कांग्रेस में वापसी होने के बाद संजीव आर्य का कांग्रेस से टिकट पक्का माना जा रहा है, जिस कारण सरिता आर्या नाराज हो गई और अपनी नाराजगी उन्होंने कई बार खुलकर जाहिर भी की थी। कई बार सरिता ने खुलकर संजीव को कांग्रेस से टिकट देने का विरोध भी किया, परंतु कांग्रेस में कोई सुनवाई ना होती देख सरिता आर्या ने आज भाजपा का दामन थाम लिया है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में सरिता आर्या ने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण की,जिसके बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। गौरतलब है कि सरिता आर्या ने खुलकर कहा था कि यदि भाजपा उन्हें टिकट देगी तो निश्चित रूप से भाजपा में चली जायेगी। अब जब सरिता आर्या ने भाजपा का दामन थाम लिया है तो कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा उन्हें नैनीताल सीट से प्रत्याशी बनाएगी,परन्तु भाजपा के लिए भी यह करना आसान नही होगा।सरिता आर्या के भाजपा में आने की सुगबुगाहट से ही भाजपा महिला मोर्चा ने विरोध कर दिया था।


Spread the love