नई दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दिल्ली एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। इधर मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए बारिश की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने कहा कि किसानों को अपनी गेंहू की कटाई कुछ दिनों के लिए टाल देनी चाहिए। आईएमडी ने कहा कि गुरुग्राम, मानेसर हांसी, महम, रोहतक और भिवानी सहित हरियाणा में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश और हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि राजस्थान में भी हल्की बारिश और 20-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के लिए औसत है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने कहा कि सापेक्ष आर्द्रता 92 प्रतिशत और 37 प्रतिशत के बीच रही। मौसम विभाग ने किसानों को चेतावनी जारी करते हुए कहा कि आंधी तूफान के कारण फसल नष्ट होने की संभावना बढ़ गई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए मजदूर खेतों में न जाएं और जानवरों को खुली जगह पर ले जाएं। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब और पश्चिमी राजस्थान में बारिश और आंधी तूफान की गतिविधियां दिख सकती हैं और 26 मार्च तक जारी रह सकता है।