लोहाघाटः क्षेत्र में होली की धूम! रंगों में रंगे लोग, श्रीराम सेवा सांस्कृतिक रामलीला कमेटी का रंग महोत्सव शुरू

Spread the love

लोहाघाट। क्षेत्र में इन दिनों होली की धूम मची हुई है। हर तरफ उल्लास के साथ लोग रंगों में रंगे दिखाई दे रहे हैं। वहीं श्रीराम सेवा सांस्कृतिक रामलीला कमेटी की ओर से 11वां दो दिनी होली रंग महोत्सव शुरू हो गया। पहले दिन रामलीला कमेटी, पाटन पाटनी, बिशुंग और तीन गांव सुंई के होल्यारों ने शानदार होली का गायन कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। महोत्सव का मुख्य आकर्षक बिशुंग की महिलाओं की होली रही। बुधवार को रामलीला मैदान में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष जीवन मेहता के संचालन में आयोजित महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय, विशिष्ठ अतिथि चंपावत के पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा ने किया। रामलीला कमेटी के महिला और पुरुष होल्यारों ने गिरजा सुत नंदन विघ्न हरो, सब घर मंगल काज करो होली से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पाटन पाटनी के होल्यारों ने मथुरा पड़ गई रार गिरधर राज भयो कंसासुर को होली प्रस्तुत की। बिशुंग की महिलाओं ने चलो चलो सखि रास रचो बन में, चलो सखि हो, श्याम सुंदर की मधुर मुरलिया, बाज रही मधुवन में होली प्रस्तुत कर समा बांध दिया। तीन गांव सुंई के होल्यारों ने दधि लूटो नंद के लाल प्यारे मोहनियां और सीता राम को ब्याहुन सखियो चलो जनकपुर जाना है होली प्रस्तुत की। इस दौरान गोविंद वर्मा, भैरव राय, प्रहलाद सिंह मेहता, कैलाश बगौली, नरेश राय, सुषमा फर्त्याल, दानू सुतेड़ी, दीपक सुतेड़ी, प्रकाश राय, ईश्वरी लाल आदि मौजूद रहे।


Spread the love