टनकपुर पहुंचे अजय कोठियाल, रोड शो कर किया शक्ति प्रदर्शन, जनसभा को भी संबोधित किया

Spread the love

टनकपुर। आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार कर्नल अजय कोठियाल आज चंपावत विधानसभा के टनकपुर और बनबसा क्षेत्र में पहुंचे,जहां बनबसा के जगबुड़ा पुल पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कर्नल अजय कोठियाल का जोरदार स्वागत किया।
इसके बाद अजय कोठियाल रोड शो करते हुए टनकपुर पहुंचे और टनकपुर के तुलसीराम चौराहे पर उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए अजय कोठियाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी कोई राजनीतिक दल नहीं है बल्कि एक सोच है,जो इंडिया अगेंस्ट करप्शन आंदोलन से निकली है। कोठियाल ने आगे कहा कि अपनी सोच और कार्य क्षमता के आधार पर ही आम आदमी पार्टी आज मात्र 9 साल में इस स्तर पर पहुंची है कि दिल्ली में उसने 3 विधानसभा चुनाव जीत लिए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कभी कांग्रेस और भाजपा के मध्य मुकाबला होता था परंतु आज दोनों ही दल दिल्ली से लगभग गायब से हो गए हैं। कोठियाल ने दिल्ली सरकार की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए वहां की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को देश की सबसे बेहतर व्यवस्था बताया। कोठियाल ने अपने संबोधन में अरविंद केजरीवाल द्वारा दी गई गारंटियों को भी दोहराया।उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा ने राज्य के मुख्य मुद्दे भुला दिए हैं और बारी-बारी से सत्ता में आकर जनता को लूट रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी पर बार-बार मुख्यमंत्री बदलने को लेकर भी अजय कोठियाल ने तंज कसा और कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने एक फैक्ट्री खोली है जिसमें मुख्यमंत्री बदलने का काम किया जाता है। जनसभा को संबोधित करते हुए कर्नल कोठियाल ने उनके द्वारा किए गए केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्य के बारे में भी जानकारी साझा की। साथ ही उन्होंने कहां की उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी संस्था यूथ फाउंडेशन के द्वारा हजारों युवाओं को फौज व अन्य भर्ती हेतु मुफ्त में प्रशिक्षण दिया, जिससे आज लगभग 12000 युवाओं को सेना व अन्य क्षेत्रो में रोजगार मिला है।

जनसभा को सम्बोधित करते “आप” के मुख्यमंत्री प्रत्याशी कर्नल अजय कोठियाल

इससे पहले आम आदमी पार्टी के विधानसभा प्रभारी मदन महर में जनता को संबोधित किया। मदन महर ने अपने संबोधन के दौरान भाजपा विधायक कैलाश गहतोड़ी पर हमला बोलते हुए कहा कि विधायक ने 5 साल में अपने घोषणा पत्र में किया हुआ एक भी वादा पूरा नहीं किया है। वहीं पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल को भी निशाने में लेते हुए मदन महर ने कहा कि क्रेशर टनकपुर की मूलभूत आवश्यकताओं में शामिल होने के बाद भी पूर्व विधायक ने कमीशन खाने के चक्कर में टनकपुर क्षेत्र में लगते हुए क्रेशर को भी रोक दिया था। जनसभा को संबोधित करने के बाद आम आदमी पार्टी द्वारा अपने कार्यालय में पूर्व सैनिक संवाद भी किया गया।
इस मौके पर मुख्य रूप से आम आदमी पार्टी के नगर अध्यक्ष संजय गर्ग,जिला समन्वयक दीपक भट्ट,प्रदेश प्रवक्ता संगीता शर्मा,रुचि धस्माना, दिनेश उप्रेती, दिनेश रावत, गोविंद महर, बसंत पुनेठा, शशांक त्रिपाठी, संजीव गडकोटी,सुंदर महर,रवि गहतोड़ी व आम आदमी पार्टी के अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।


Spread the love