भूल या भविष्य का कोई संकेत,जानिए क्या कह गए अरविंद पांडेय

Spread the love

चंपावत। 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत प्राप्त करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी पूरे प्रदेश में विजय संकल्प यात्रा निकाल रही है। इसी क्रम में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 दिसंबर को भाजपा की विजय संकल्प यात्रा चंपावत पहुंची। विजय संकल्प यात्रा में उमड़ी भारी भीड़ ने भाजपा नेताओं के मनोबल को बढ़ा दिया है और उन्हें अब ऐसा लग रहा है कि 2022 के चुनाव में निश्चित रूप से चंपावत विधानसभा में जीत प्राप्त कर लेंगे।
इसी बीच विजय संकल्प यात्रा के दौरान कुछ ऐसा हुआ जिस पर शायद हर किसी का ध्यान नहीं गया और राजनीतिक विद्वान इस पर अब अपनी अलग-अलग प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे हैं। हुआ यूं कि कैबिनेट मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री अरविंद पांडे ने विजय संकल्प यात्रा में जब अपना संबोधन शुरू किया तो उन्होंने भाजपा जिला अध्यक्ष दीप चंद्र पाठक को भाजपा विधायक कहकर पुकारा।हालांकि भाजपा जिलाध्यक्ष ने मंत्री जी की गलती को तुरंत ठीक किया और कहा कि वह विधायक नही जिलाध्यक्ष है। कहने को तो यह बात एकदम छोटी है परंतु कुछ लोगों का कहना है कि इस बात के कुछ और संकेत हो सकते हैं। कुछ लोग इसे प्रभारी मंत्री की गलती बता रहे हैं तो कुछ लोगों का मानना है कि जरूर भाजपा नेतृत्व जिलाध्यक्ष पाठक के संबंध में बड़ा सोच रहा है,जिसकी चर्चा प्रदेश नेतृत्व में लगातार चल रही है। यही कारण है कि अरविंद पांडे के मुंह से अचानक दीपपाठक के लिए विधायक शब्द निकला। अब यह तो समय बताएगा कि प्रभारी मंत्री के मुंह से जिलाध्यक्ष पाठक के लिए विधायक शब्द गलती से निकला यां वास्तव में प्रदेश नेतृत्व में इस प्रकार की कोई चर्चा चल रही है।फिलहाल इस घटना के बाद पाठक समर्थकों की उम्मीद बढ़ गई है।


Spread the love