बनबसा। भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा के संचालन को लेकर बड़ी खबर आई है।मैत्री सेवा के नाम पर महेंद्र नगर से दिल्ली के लिए हर दिन केवल दो मैत्री बसें चलेंगी। इसके लिए नेपाल के महाकाली यातायात बस व्यवसायी कंपनी ने निगम कार्यालय देहरादून को 13 बसों नंबर उपलब्ध कराए हैं। इन 13 बसों में से ही किन्हीं दो बसों का संचालन किया जाएगा। दो बसो के अतिरिक्त बस चलने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन निगम बनबसा के केंद्र प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि इस संबंध एआरएम केएस राणा ने पत्र जारी कर कहा है कि नेपाल के महाकाली यातायात बस व्यवसायी कंपनी ने निगम कार्यालय दून को 13 बसों के नंबर उपलब्ध कराए हैं। बताया कि महेंद्रनगर से दिल्ली के लिए सुबह नौ बजे और दिल्ली से रात नौ बजे महेंद्रनगर के लिए बस का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा महेंद्रनगर से एक अन्य बस सांय छह बजे दिल्ली के लिए और सांय छह बजे आनंद बिहार से महेंद्रनगर के लिए चलेगी।
मालूम हो कि नेपाल द्वारा संचालित की जा रही अवैध बसो के संचालन के विरोध में बनबसा के विभिन्न संगठनो से जुड़े लोग,स्थानीय नागरिक व व्यापारी समय-समय लर आवाज उठाते रहे हैं।
एक स्थानीय व्यापारी दीपक सक्सेना से बात करने पर उन्होंने बताया कि नेपाल द्वारा अवैध बसो के संचालन से स्थानीय व्यापारियों को भारी नुकसान हो रहा था साथ ही परिवहन निगम की आय भी प्रभावित हो रही थी।
दो मैत्री बसों के चलाने के आदेश पर बनबसा के स्थानीय व्यापारियों,सामाजिक कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की है।
Mohan Chandra Joshi
संपादक