टिकट कटने से नाराज होकर भाजपा छोड़ सपा में जाने की अटकलों पर स्वाति सिंह ने लगाया विराम,कहा भाजपा मेरे रोम-रोम में

Spread the love

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में मंत्री स्वाति सिंह ने टिकट कटने के बाद पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है।स्वाति सिंह ने कहा कि वह पार्टी के फैसले के साथ हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा उनके उनके रोम-रोम में है। पार्टी छोड़ने की अटकलों को पूरी तरह खारिज करते हुए उन्होंने जीना यहां, मरना यहां तक कह डाला।
स्वाति ने पति के साथ विवादों की खबर का भी खंडन किया। कहा कि उनका पति दयाशंकर सिंह के साथ कोई विवाद नहीं है। प्रेस कॉन्फ्रेंस करके स्वाति सिंह ने कहा कि वह पार्टी कार्यकर्ता के रूप में आजीवन काम करती रहेंगी। नाराजगी को लेकर सवाल पर मुस्कुराते हुए स्वाति ने कहा, ”क्या मेरे चेहरे से नाराजगी लग रही है।” सपा में जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि, ”मैं 17 साल की थी तब विद्यार्थी परिषद में जुड़ी थी। मेरे रोम-रोम में बीजेपी है। मैं यहीं रहूंगी और यहीं मरूंगी। सगंठन भविष्य में जो भी जिम्मेदारी देगा उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाऊंगी।”
टिकट कटने पर असंतुष्ट होने के सवाल पर स्वाति सिंह ने कहा कि पार्टी के फैसले पर किसी कार्यकर्ता को सवाल नहीं उठाना चाहिए। स्वाति ने कहा कि वह नहीं जानती थीं कि पार्टी उन्हें महिला मोर्चा का अध्यक्ष बनाएगी। पार्टी ने टिकट दिया, सरोजनीनगर सीट से जितवाया, मंत्री बनाया। पार्टी ने यह फैसला भी कुछ अच्छा सोचकर ही किया होगा।


Spread the love