बड़ी खबर:- प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष की घोषणा के बाद कांग्रेस मे घमासान,कई जगहों से आई नाराजगी की खबरें

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस में कलह थमने का नाम नहीं ले रही है। विधानसभा चुनाव में करारी हार झेलने के बाद भी कांग्रेस में गुटबाजी खत्म होती नहीं दिख रही है, यही कारण है कि चुनाव परिणाम आने के लगभग 1 महीने बाद कॉन्ग्रेस नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश अध्यक्ष तय कर पाई। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा इसकी घोषणा की गई। कांग्रेस ने यशपाल आर्य को नेता प्रतिपक्ष बनाया है, तो वही रानीखेत से कांग्रेस विधायक करन माहरा को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया,वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर धामी को चुनाव हराने वाले भुवन कापड़ी को उप नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। एक ओर तो कांग्रेस संगठन की मजबूती के लिए लगातार जोर लगा रही है तो वहीं नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा के बाद उत्तराखंड कांग्रेस में कलह खुलकर सामने आने लगी है और कई जगहों से कांग्रेस नेताओं के इस्तीफे की खबरें आ रही हैं। बताया जा रहा है कि कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता यशपाल आर्य को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने से नाराज हैं और उनका कहना है कि यशपाल आर्य ने मुसीबत के समय में कांग्रेस का साथ छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया था और 5 साल भाजपा में मंत्री पद की मलाई खाने के बाद कांग्रेस में वापसी की। ऐसे में यशपाल आर्य को नेता प्रतिपक्ष बनाया जाना कांग्रेस के उन लोगों को निराश करना है जिन्होंने मुश्किल समय में भी कांग्रेस का साथ नहीं छोड़ा। अब देखना यह होगा कि कांग्रेस में चल रही कलह किस तरह शांत होगी या एक बार फिर से प्रदेश में बड़े स्तर पर दलबदल देखने को मिलेगा।


Spread the love