बड़ी खबर:- कांग्रेस जल्द घोषित कर सकती है प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष का नाम,इन्हें मिल सकती है जिम्मेदारी

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस में लगातार मंथन चल रहा है। पुष्कर धामी ने राज्य के 12वे मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। सरकार के शपथ ग्रहण के बाद तथा राज्य में विधानसभा सत्र की तारीख तय होने के बाद अब कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष का नाम तय करने में जुटी है। नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश अध्यक्ष पद पर हरीश रावत और प्रीतम सिंह गुट आमने-सामने हैं। गौरतलब है कि प्रदेश में चुनाव हारने के बाद गणेश गोदियाल ने प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद से कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष का पद रिक्त है।
अब जबकि विधानसभा सत्र की तारीख तय हो गई है ऐसे में कांग्रेस को जल्द ही नेता प्रतिपक्ष का नाम तय करना है और प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुभव के आधार पर कांग्रेस प्रीतम सिंह को नेता प्रतिपक्ष बना सकती है। वहीं माना जा रहा है कि गणेश गोदियाल को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में बेहद कम समय मिला था जिस कारण उन्हें एक बार फिर से प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जा सकती है। इसके अतिरिक्त धारचूला विधायक हरीश धामी, यशपाल आर्य का नाम भी नेता प्रतिपक्ष के लिए चल रहा है, वहीं मुख्यमंत्री धामी को चुनाव हराने वाले भुवन कापड़ी, अल्मोड़ा से कांग्रेस विधायक मनोज तिवारी प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में बताए जा रहे हैं।


Spread the love