भाजपा विधायको को होली बाद देहरादून पहुंचने के निर्देश,हो सकती है विधानमंडल दल की बैठक

Spread the love

उत्तराखण्ड। 70 विधानसभा सीटों वाले उत्तराखंड में 47 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल करने वाली भाजपा अब तक प्रदेश में मुख्यमंत्री का चेहरा तय नहीं कर पाई है। प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के नेतृत्व में चुनाव लड़ने वाली भाजपा पुष्कर धामी के अपनी विधानसभा से चुनाव हार जाने के कारण असमंजस की स्थिति में फंस गई है। पार्टी के भीतर से भी एक धड़ा पुष्कर धामी के नेतृत्व में मिली जीत का श्रेय पुष्कर धामी की मेहनत को दे रहा है और पुष्कर धामी को ही मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग कर रहा है तो वहीं पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने अलग-अलग अपनी-अपनी दावेदारियां पेश कर दी है। ऐसे में भाजपा आलाकमान के सामने प्रदेश को मुख्यमंत्री दे पाना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है।
अब 18 मार्च और 19 मार्च को होली का पर्व होने के बाद भाजपा के विधायक दल की बैठक होने की संभावना जताई जा रही है और माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद भाजपा मुख्यमंत्री के चेहरे पर फैसला कर लेगी। अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा 20 मार्च को मुख्यमंत्री की घोषणा कर देगी। वहीं भाजपा ने नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने के लिए तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।


Spread the love