अल्मोड़ा पहुंचे सीएम धामी ने युवाओं में भरा जोश

Spread the love

अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री बनने के बाद पुष्कर सिंह धामी पहली बार अल्मोड़ा पहुंचे तो कार्यकर्ताओं और प्रशंसकों ने उन्हें हाथो-हाथ लिया। सीएम के यहां पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखकर सीएम भी गदगद नजर आए। यहां जनआशीर्वाद रैली में भाग लेते हुए सीएम धामी ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए उनमें उत्साह भरा। इस दौरान सीएम धामी ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने का आहवान भी किया। सीएम धामी ने अपने सम्बोधन में केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कार्यकर्ताओं से जन-जन तक पहुंचने का आहवान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से एकजुट होकर भाजपा की रीतियों और नीतियों को जनता तक पहुंचाने की बात कही। सीएम धामी ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो हर वर्ग को साथ लेकर चलने की सोच रखती है। बता दें कि सोमवार को लगभग डेढ़ बजे अल्मोड़ा पहुंचे। यहां से उनका काफिला माल रोड पर पहुंचा। यहां भी कार्यकर्ताओं के हुजूम ने युवा मुख्यमंत्री को हाथों हाथ लिया। उनके साथ पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक व केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट का भी जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद सीएम का काफिला शिखर तिराहा पहुंचा, यहां भी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद सीएम रैमजे इंटर कॉलेज पहुंचे जहां उन्होंने सभा को सम्बोधित किया। वहीं सीएम धामी ने अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के समीप नए कलक्ट्रेट भवन के साथ ही विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया।


Spread the love