चंपावतः छमनियां में जिला जेल बनाने का विरोध शुरू! ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने किया जोरदार प्रदर्शन, तहसील में एसडीएम का किया घेराव

Spread the love

चंपावत। यहां छमनियां में जिला जेल बनाने का जबरदस्त विरोध शुरू हो गया है। शुक्रवार को ग्रामीणों और जन प्रतिनिधियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित जन प्रतिनिधियों ने तहसील पहुंचकर एसडीएम का घेराव किया। लोगों ने जिला जेल छमनियां में बनाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी। इससे पहले नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, ग्राम प्रधान भुवन चौबे के नेतृत्व में लोग छमनियां में जिला जेल बनाने की सुगबुगाहट के बाद तहसील परिसर आ धमके। उन्होंने विरोध जताते हुए एसडीएम रिंकू बिष्ट का घेराव कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। जनप्रतिनिधियों का कहना था कि सुंई के छमनियां में जिला जेल बनाने के लिए भूमि का चयन किया जा रहा है जिसका पूरा विरोध किया जाएगा। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि छमनियां लोहाघाट क्षेत्र का एक पर्यटन स्थल है। इस स्थान पर फिल्म सिटी बनाने का प्रस्ताव है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन एवं शासन की उदासीनता के कारण यह महत्वपूर्ण कार्य लंबित पड़ा हुआ है। इस स्थान पर भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल की छावनी, राजीव नवोदय विद्यालय, राजकीय पॉलीटेक्निक, केंद्रीय विद्यालय, राजकीय इंटर कालेज व प्राथमिक विद्यालय स्थित है। साथ ही इस स्थान पर कृषि अनुसंधान केंद्र व कृषि महाविद्यालय की स्थापना के लिए भूमि चयनित है। ऐसी स्थिति में इस स्थान पर जिला जेल बनाए जाने पर शिक्षण संस्थानों के साथ इस रमणीय स्थल का महत्व खत्म हो जाएगा।


Spread the love