उत्तराखण्डः पति ने साथ रहने से इंकार किया तो पत्नी ने लगा दिया दुष्कर्म का आरोप! कोर्ट में आरोप से पलटी, अब महिला के विरूद्ध दर्ज होगा मुकदमा

Spread the love

देहरादून। पति ने देहरादून में साथ रहने से इंकार किया तो पत्नी ने उसके विरूद्ध दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया। इसके बाद जब न्यायालय में सुनवाई हुई तो महिला अपने आरोपों से पलट गई। इस पर न्यायालय ने पति को दोषमुक्त करते हुए महिला को खूब फटकार लगाई। न्यायालय ने पुलिस को महिला के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। महिला और उसका पति सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले हैं। घटनाक्रम के अनुसार, 22 नवंबर 2021 को एक महिला ने एसएसपी देहरादून को शिकायती पत्र दिया था। इसमें महिला ने बताया कि वह विकासनगर में नौकरी करती है और वहीं किराये के कमरे में रहती है। 12 नवंबर 2021 को वह कमरे में अकेली थी। रात आठ बजे किसी ने दरवाजा खटखटाया। महिला ने दरवाजा खोला तो एक व्यक्ति जो कि उसका परिचित है जबरदस्ती कमरे में घुस आया। इसके बाद आरोपित ने महिला को डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप यह भी था कि आरोपित 16 नवंबर तक महिला के साथ उसी कमरे में रहा और इस दौरान कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में 27 नवंबर को पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। बचाव पक्ष के अधिवक्ता आशुतोष गुलाटी के अनुसार, पिछले दिनों अपर जिला एवं सेशन जज अश्वनी गौड़ की स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट में इस प्रकरण की सुनवाई हुई तो महिला अपने आरोप से पलट गई। उसने न्यायालय को बताया कि आरोपित उसका पति है। जिसने उसके साथ कोई गलत काम नहीं किया है।


Spread the love